FIDE Chess World Cup: ग्रेट ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनंद के नाम पर रखा गया शतरंज विश्वकप ट्रॉफी का नाम, 23 साल बाद भारत बना इस मेगाइवेंट का मेजबान

डिजिटल डेस्क, पणजी। शतरंज की दुनिया के सर्वकालिक महान खिलाड़ी भारत के विश्वनाथन आनंद के नाम पर FIDE वर्ल्ड चेस कप 2025 की नई ट्रॉफी होगी। शुक्रवार (31 अक्टूबर) को हुए विश्वकप के उद्घाटन समारोह में विश्वनाथन आनंद के नाम इस ट्रॉफी को समर्पित किया गया। यह ट्रॉफी प्रत्येक साल नए विजेता को मिलेगी। मतलब यह एक रोलिंग ट्रॉफी है जो आने वाले विजेताओं के मध्य घूमती रहेगी।
ट्रॉफी अनावरण के मौके पर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, गुजरात के सीएम प्रमोद सावंत और फिडे के प्रमुख ड्वोकोर्विच मौजूद थे। इस मौके पर खेल मंत्री मांडविया ने कहा, 'जब भारत ने पिछली बार 2002 में वर्ल्ड कप होस्ट किया था, तब हमारे पास 10 से भी कम ग्रैंडमास्टर थे। आज हमारे पास 90 हैं। भारत ने ओपन और विमेंस दोनों ओलंपियाड खिताब जीते हैं, और दिव्या देशमुख विमेंस वर्ल्ड कप चैंपियन हैं। आने वाले सालों में हम और चैंपियन बनाएंगे।'
यह भी पढ़े -शतरंज की नई विश्व चैंपियनशिप की घोषणा, फास्ट क्लासिक, रैपिड और ब्लिट्ज में मिलेगा संयुक्त विजेता का खिताब
बता दें कि 23 साल बाद भारत की मेजबानी में हो रहे इस विश्वकप में 82 देशों के कुल 206 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनामी राशि की बात करें तो वह 2 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी करीब 17 करोड़ रुपये की होगी। इसके साथ ही जो भी विजेता होगा उसे 2026 में वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप के अगले चरण का टिकट मिलेगा। फिडे में मुकाबले की शुरुआत 1 नवंबर यानी आज से शुरू होंगे, जो कि 8 राउंड तक चलेंगे।
इस विश्वकप में भारतीय दावेदारी की बात करें तो वह काफी मजबूत है। भारत के चैंपियन डी. गुकेश, दूसरे सीड अर्जुन एरिगैसी और पिछले संस्करण के रनर-अप आर प्रज्ञानानंदा सीधे दूसरे राउंड से खेलेंगे। वहीं पहले राउंड में जूनियर विश्व विजेता प्रणव वी उतरेंगे। उनका मुकाबला अल्जीरिया के अला एद्दीन बुलरेन्स से होगा।
Created On :   1 Nov 2025 4:24 PM IST












